शुक्रवार, फ़रवरी 07, 2014

उम्रदराज़ पिता

आज अगर पिता होते
तो उम्रदराज़ होते 

सुबह की सैर
माँ को यूँ अकेले नहीं करनी पड़ती 
बल्कि पिता अपने 
कनटोपे के साथ
सर्द सुबहों में भी सैर में उनके साथ होते 
आज अगर पिता होते
तो उम्रदराज़ होते 

बेटियों को ब्याह देना और
उनसे छूट जाना
उनकी सोच नहीं थी 
बेटियों को स्वतंत्र और आत्मविश्वासी देखकर 
मन ही मन खुश हो जाते
आज अगर पिता होते
तो उम्रदराज़ होते 

बेटे से उनका रिश्ता अब तक एक नया रूप ले पाता
उनका झुर्रियों वाला हाथ 
अपने बेटे का माथा सहलाता 
हर कदम पर यकीनन 
दोनों ज़िम्मेदारी बाँट लेते 
आज अगर पिता होते
तो उम्रदराज़ होते 

पिता 
आप घर की धुरी थे 
हम सब के लिए बेहद ज़रूरी थे 

टूट कर बिखर गए हम सब आपके बगैर 
जी न सके एक दिन भी
जी तो रहे हैं खैर

बुधवार, अक्टूबर 09, 2013

शुक्रिया

पिछले कई दिनों से कितने ही सवाल मन में उठते और परेशान करते रहे. अपने बारे में, अपनी ज़िन्दगी के बारे में, दोस्तों के बारे में, अपनों के बारे में और भी न जाने किस-किस के बारे में. ऐसा मंथन चलता रहा कि सवालों के अन्दर से और सवाल उठते रहे और मेरा चैन लूटते रहे. यहाँ तक कि मेरी नींद भी महीनों तक मुझसे रूठी रही. कहीं सुकून नहीं मिलता. अपने-पराये सब पहचाने गए. सोचूं तो कोई परेशानी नहीं....मगर चाहूँ तो कोई हल नहीं. बस एक बेचैनी, अनमनापन....शायद इसे "Mid Life Crisis" कहते होंगे और शायद मेरी उम्र में सभी इससे गुज़रते होंगे. 

अभी पिछले कुछ दिनों से मैं अपने फेसबुक स्टेटस में अपने दोस्तों से कुछ छोटे-छोटे से सवाल कर रही हूँ मसलन "React or Respond ?" , "Strength or Weakness ?" , "Knowledge or Ignorance ?" और दोस्तों के बहुत अच्छे-अच्छे जवाब भी पा रही हूँ. आप सबका शुक्रिया अदा करना चाहती हूँ और बताना चाहती हूँ कि इन सवालों को पूछने का मक़सद मेरे अन्दर उठ रहे सवाल ही हैं. 

 "Strength or Weakness ?" पर मेरे दोस्तों ने अपनी राय दी. दरअसल हम सब जानते हैं कि हमारी अपनी Strength क्या है ? मगर समय और परिस्थितियों के साथ वो Strength कहीं न कहीं दबती जाती है. हालाँकि वो हमारे अन्दर ही रहती है पर हम उसे कभी-कभी भूल जाते हैं. मेरी एक दोस्त ने लिखा भी था कि Strength और Weakness दोनों ही हमारे व्यक्तित्व का हिस्सा हैं. जैसे ही हम एक को स्वीकारते हैं, दूसरे को नकार देते हैं. इसका मतलब जब हम अपनी Strength को भूलने लगते हैं, हमारे व्यक्तित्व की Weaknesses हम पर हावी होने लगती है. हम अपनी  Strength से जितना दूर होते जाते हैं, अपनी Weaknesses के उतना ही पास. 


"React or Respond ?" के जवाब में हम सब Respond ही कहना चाहते हैं. पर मैंने महसूस किया है कि जब हमारे सामने Situation आती है , कभी-कभी हमारी Weakness हम पर हावी हो जाती है और हम Respond करने के बजाय React कर जाते हैं. दरअसल Respond करने का मतलब अपनी Strength से जवाब देना होता है. और कितनी ही Situations को React करने के बजाय Respond  करके संभाला और संवारा जा सकता है.


 "Knowledge or Ignorance ?" के जवाब  में मुझे लगता है कि हम सबको इतना Knowledge तो होना ही चाहिए कि किन चीज़ों को Ignore करें और किन्हें अहमियत दें. 

हो सकता है कि मेरे दोस्त पहले से ही ये सब बातें अच्छी तरह जानते हों पर मैंने जब उनसे सवाल किये तो मुझे अपनी बात भी कहनी ज़रूरी लगी. 





सोमवार, जून 03, 2013

स्मृतियाँ

कितनी भी किफ़ायत से खर्च कीजिये, एक दिन ये सांसें ख़त्म हो ही जाती हैं. महबूब के लिए बचाकर रखी हुई सांसें एक दिन उस महबूब का पता ढूंढते-ढूंढते अपना पता भूल जाती हैं और अपने घर लौट आने के बजाय एक सूनी राह पर दम तोड़ देतीं हैं. ऐसी ही कई बमुश्किल हासिल की गई सांसों ने बार-बार उस महबूब का नाम पुकारा और लौट आने से पहले ही राह में कहीं दम तोड़ दिया.

आ ही जाती है बेवफाई की उम्र वफ़ा की इस राह पर चलते-चलते. वादों की कोई उम्र नहीं होती. अपनी हार, अपने वादे, अपने ज़ख्म क्यूँकर याद रखेगा कोई? क्या भूला जा सकता है इन्हें? या फिर भूल जाने का भरम बस कुछ पलों का ही है? कुछ पलों के सच को ज़िन्दगी भर का सच तो नहीं माना जा सकता. और फ़िर ज़िन्दगी भर का सच किसे कहेंगे? जो हम जी रहे हैं क्या वो ज़िन्दगी भर का सच नहीं है?

महबूब से मिलकर लगा यही एक सच है, बिछड़कर और भी सच लगा. फिर उसका इंतज़ार एक सच क्यूँ नहीं हो सकता? उसका साथ न होना ही उसका होना क्यूँ लगता है? इस न होने को अगर भूल जाऊं तो वो हर पल मेरे साथ ही है. बस उसे पकड़कर कैद करने की जानलेवा कोशिश नहीं करना चाहती. वो भी मेरे साथ न होने को यक़ीनन साथ होना ही मानता होगा, ये एक सच भी तो हो सकता है.

बारिश की बूंदों में झरती हमारी हंसी एक खुशगवार दिन का सच रही है. घास पर बिखरी ओस की बूंदों जैसी हंसी....हवाओं में एक गीत....एक संगीत बिखेरती हंसी....हम दोनों को जोड़ने वाली हंसी....

स्मृतियों की नीव एक सच पर रखी होती है....उस सच के साथ जीने की कोशिश हमें अपने आप से दूर किये जाती है, फिर भी हमारे वजूद का एक ज़रूरी हिस्सा हैं स्मृतियाँ....

बुधवार, जनवरी 16, 2013

रीती हुई तन्हाई में बीता हुआ दिन

दिल छलनी हो चुका है अब इन घावों पर नमक डालकर दर्द का एहसास न करवाओ। साल ज़रूर नया है मगर घाव वही पुराने से ....तुम मुझे बस एक वजह बताओ कि मुझे तुमसे अब भी प्यार क्यूँ करते रहना चाहिए ....अब तो मुझे रोना भी नहीं आता कि जी हल्का हो जाये ....आह ! आस-पास सब कुछ इतना तेजी से बदल रहा है ...बस ये माइग्रेन का दर्द है जो बरसों से बदला नहीं है ...

रीती हुई तन्हाई में बीता हुआ दिन ....जो कुछ भी आपने पास चाहा वो दूर ही नज़र आया ...और ....जो कुछ सोचा नहीं था वो जीवन का एक हिस्सा बन गए ... उदास जी , उदास दोस्त , उदास रातें ,उदास सपने और जाने क्या क्या उदास ...एक उदास दिन में उस पुराने ख़्वाब की दस्तक जिसमें पापा दिखाई देते हैं ...

सत्रह साल होने को आये पापा को ये दुनिया छोड़े पर मेरे सपनों में वो आज भी छुक-छुक रेलगाड़ी में हमको घुमाने वाले पापा बनकर आते हैं ...और मैं उनसे कहती हूँ कि छोड़ो पापा , अब और नहीं घूमना है ...बस सुबह देर तक सोने का मन है ...पापा राइम करने लगते हैं, "जो सोयेगा वो खोएगा ....जो जागेगा वो पायेगा ..." और जब जाग जाती हूँ तो सोचती हूँ की पापा से कहूँ कि चीज़ें बदल गयी हैं ...अब चैन की नींद आये एक ज़माना गुज़र गया है ....अब सोकर कुछ नहीं खोना है अलबत्ता सुकून ज़रूर मिल जायेगा ....

माँ की चिंताएं एक दम अलग हैं ...कहती हैं तुम सब लोग तैयार रहना मैं कभी भी अंतिम विदाई ले लूंगी . कोई उन्हें कैसे बताये कि उनके होने का क्या अर्थ है हमारे लिए ...वो एक ऐसी धुरी हैं जिसके चारों ओर पूरे घर की खुशियाँ चक्कर लगाती हैं ....तुम सदा सलामत रहो माँ ...खुश रहो माँ कि आज जी बहुत उदास है ....

 उसने कहा यकीन मानो
 मैं तुम्हें उदास नहीं देख सकता 
 मैंने पूछा
 बस एक बात बताओ 
 मुझे ख़ुशी किस चीज़ से मिलती है ?

 हमेशा की तरह वो खामोश ही रहा ....

सोमवार, अक्टूबर 08, 2012

रूह बसती है इश्क करने वालों की आँखों ही में कहीं...

उसे जिससे वफ़ा की उम्मीद थी उसने उसे बेवफाई के लायक भी नहीं समझा.... वो बस एक ही साँस में अपनी बात कहे जा रही थी, इस उम्मीद से कि कोई ऐसा जवाब आएगा जो उसे खुश कर देगा....अचानक उसने महसूस किया कि उसे सुनने वाला जड़ हो गया है...कोई सवाल-जवाब नहीं....बस एक ख़ामोशी...चुभने वाली ख़ामोशी...

उसे लगा उनके बीच अब लड़ाई-झगड़े जैसा कुछ हुए एक अरसा बीत गया है...और प्यार जैसा कुछ हुए उससे भी लंबा अरसा...वो बुझ गयी, उदास हो गयी...

उस जैसा नहीं था उसका महबूब...पर उससे कुछ ज़्यादा अलग भी नहीं लगता था...पर अब वो बदल गया था...किसी और का भी नहीं हुआ...बस खुद अपना हो गया था...उसे खुद के सिवाय कुछ दिखाई नहीं देता था...एक नशा सा उस पर सवार रहता था...इस बीच वो भूल चुका था कि वो कितनी अकेली हो गयी थी उसके बगैर...

ना...कुछ भी नहीं बदलता प्यार करने वालों के लिए...बस उन लोगों की फ़ितरत बदल जाती है जिन्हें प्यार किया जाता है...

---             ---                ---              ---

वो एक अबोली आँखों वाली लड़की थी
रूठी-रूठी सी
चुप 
उदास

सुना  था उसने कि 
रूह बसती है
इश्क करने वालों की आँखों ही में कहीं...

---             ---                ---                 ---

गर्द आसमां ने मिटा दी उसकी लिखावट
महबूब को खत अभी भेजा नहीं था...

वो एक नेक दिन का इंतज़ार किया करती थी...

---              ---                ---                ---

बुधवार, अगस्त 22, 2012

रिदम ऑफ हर लाइफ

उसकी मुस्कुराहट को एक आवाज़ की दरकार थी जो उसने एक अरसे से नहीं सुनी थी. यूं कहने को सब कुछ ठीक ही चल रहा था पर दिल को कहीं सुकून न था. हर तरह के मौसम देर से ही सही, लौट कर आते हैं...फिर इस बार के मौसम की बेरुखी इतनी लंबी क्यूँ ?

याद करने की कोशिश की तो कुछ याद नहीं आया कि इसकी वजह क्या थी.... यकीनन कोई तकरार हुई होगी. ये कोई नयी बात नहीं थी उन दोनों के बीच. पर यूं ज़िंदगी को ख़ामोशी से ज़ाया होने देना और कुछ न कहना एक दूसरे से....ये शायद पहली बार हुआ था. रात होते ही एक डर उसे घेर लेता कि अगर ये रात उसकी ज़िंदगी की आखिरी रात हुई तो वो अपने महबूब से रूठकर ही ज़िंदगी से अलविदा कह देगी. 

कितने ऊल-जलूल ख्याल रात भर उसका पीछा करते और वो इन सबसे भागते-भागते सुबह का दामन पकड़ लेती. दिन की रोशनी और व्यस्तताओं में वो अपने महबूब को भूलने की कवायत ज़्यादा से ज़्यादा करती. कमबख्त बारिशें उसका मन और भिगो देतीं. नींद उसकी आँखों से दूर....कहीं दूर रहती. कुछ अच्छे कहे जाने वाले कामों में दिल लगाने की कोशिश करते-करते एक अरसा गुज़र गया. 

पता नहीं वो किस से लड़ रही थी पर एक दिन वो हार गयी. पहले उसने अपने दिल की बात सुनी.... और फिर वो आवाज़...."रिदम ऑफ हर लाइफ".  ज़िंदगी में एक संगीत भर गया....मद्धम संगीत....और उसकी धुन पर वो मुस्कुरा रही है....

गुरुवार, अगस्त 09, 2012

बारिशें....बाहर भी....


जब से मैं खुदको वहाँ छोड़ आयी थी मेरे होने का पता कहीं से नहीं मिला. वो एक जगह, जहाँ मैं महफूज़ थी....वो बस उसका दिल था. सारे मौसम वहीँ दस्तक दिया करते और मैं जब जी करता, जितना जी करता मौसमों को अपने पास बुलाती....कोई फिक्र नहीं थी किसी बात की....कहाँ गयीं सारी बारिशें....और कहाँ खो गए वो सिहरन भरे दिन....सिर्फ एक याद ही है जो आँखों में बारिशें लाती है....और ज़हन में सिहरन भर देती है...

चाँद देखने के लिए सिर्फ छत की मुंडेर ही काफी नहीं होती ना...तुम्हारे काँधे पे सर रखकर पीले चाँद की खूबसूरती को तका था मैंने....उन दिनों फिज़ाओं का सारा संगीत मुझमे सिमट आता था....और उस संगीत में गूंजती थी सिर्फ एक आवाज़....तुम्हारी आवाज़....रिदम ऑफ माय लाइफ....मैंने उस आवाज़ को मुझमें घुल जाते हुए देखा है....और खुदको उस आवाज़ में घुलते हुए....उसके बाद कुछ याद नहीं आता कि क्या हुआ था....कहाँ खो गया सारा संगीत....और उस आवाज़ की गूंज अब तक मुझे क्यों सताती है....

कुछ भी मरा नहीं है पर सब बोझिल सा है....मन, मौसम सब कुछ....

ये गहरी आसक्ति है या अनासक्ति कुछ पता नहीं है....

भटकने के बाद वापस आने का रास्ता ढूँढना गहरी पीड़ा देता है....जो लोग चलते ही भटकने के लिए हैं उनकी पीड़ा का क्या ? क्या कोई ऐसी जगह है जहाँ सारे सवालों के जवाब मिल जाएँ ?